हस्तशिल्प उत्पादों और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड में आयोजित दिवाली मेला कलाकारों और शिल्पकारों के लिए प्रतिभा और हुनर को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक हस्तनिर्मित उत्पादों के माध्यम से भारतीय कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रहे हैं।
शनिवार को सेंट्रल इंपावरमेंट कमेटी (सीईसी) के चेयरमैन चंद्र प्रकाश गोयल ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा भी उनके साथ मौजूद रहे। चेयरमैन सीपी गोयल ने मेले में लगाए गए स्टॉलों पर प्रदर्शित हस्तशिल्प उत्पादों, सजावटी वस्तुओं और पारंपरिक कलाकृतियों को देखा। उन्होंने शिल्पकारों की कला में रुचि दिखाई और मेले में देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक को सराहा।
सीपी गोयल ने कहा कि सूरजकुंड मेला पारंपरिक कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने चेयरमैन को मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगंतुकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता का ध्यान रखा जा रहा है। इस अवसर पर डीएफओ राजकुमार, बल्लभगढ़ के एसडीएम त्रिलोक चंद और एजीएम हरविंदर यादव भी मौजूद रहे।