संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सीबीएसई विद्यालयों में वैश्विक डाक संघ (यूपीयू) द्वारा अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता मार्च माह में विद्यालय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन क्षमता, सोचने की शक्ति और भाषा कौशल को बढ़ावा देना है।
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम डिजिटल दुनिया में इंसानी रिश्ते क्यों जरूरी हैं रखी गई है। विद्यार्थियों को इसी विषय पर अपने किसी दोस्त को पत्र लिखना होगा। इसके माध्यम से छात्र यह बताने का प्रयास करेंगे कि तकनीक के बढ़ते उपयोग के बावजूद मानवीय संबंधों का क्या महत्व है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों की प्रविष्टियों में से वैश्विक डाक संघ का अंतरराष्ट्रीय ब्यूरो सदस्य देशों से तीन सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन करेगा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इससे छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का अवसर भी प्राप्त होगा।
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर तीन की अध्यापिका भारती गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की रचनात्मकता को निखारने में सहायक होती हैं। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों की भाषा पर पकड़ मजबूत होती है और वे अपने विचारों को बेहतर तरीके से व्यक्त करना सीखते हैं। उन्होंने बताया कि सर्कल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले को 10 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में नौ से 15 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। सर्कल स्तर की प्रतियोगिता 20 मार्च को आयोजित की जाएगी। विद्यार्थी संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किसी भी भाषा में अपना पत्र लिख सकते हैं। विद्यालयों में इस प्रतियोगिता को लेकर छात्रों में उत्साह देखा जा रहा है।