फरीदाबाद। शहर की दो अलग-अलग कॉलोनियों से चोरों ने लाखों रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तिलपत की बांके बिहारी कॉलोनी में एक मकान का ताला तोड़कर चोर घर से लाखों का समान व नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित धर्मसिंह विष्ट ने पुलिस को बताया कि 19 फरवरी को वह घर की पहली मंजिल पर सो रहा था। अगली सुबह वह उठकर नीचे आया तो उसने देखा कि दोनों कमरों का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी टूटी हुई थी। चोर बाहर के दरवाजे का ताला तोङ़कर घर में घुसे थे। जांच करने पर पता लगा कि घर से 25 हजार रुपये नकद, सोने की दो अंगूठी, एक लोकेट, तीन चांदी की पायल, सोने के दो जोड़ी टॉप्स, नोज रिंग, दस चांदी के सिक्के गायब थे।
दूसरे मामले में नंगला एन्क्लेव निवासी शब्बीर खान ने बताया कि एक फरवरी की रात उसका बेटा अमानुल्ला खान व उसका दोस्त आशू खान उनके घर सोए हुए थे। अगले दिन उन्हें सुबह कानपुर के लिए अपने व्यापार के कारण निकलना था। अमानुल्ला ने व्यापार के लिए लॉकर से तीन लाख बीस हजार रुपये निकाल कर पैसों का बैग उसी कमरे में रख रखा था। सुबह गाड़ी साफ करने के बाद अमानुल्ला आया और आशु खान को चलने के लिए कहा। आशु ने कानपुर जाने से मना कर दिया। उसके बाद अमानुल्ला अपने बडे़ भाई नुरुलाहा को लेकर कानपुर चला गया। व्यापार के लिए कंपनी में पैसे देने के लिए जब उन्होंने बैग खोला तो उसमें दो लाख रुपये कम थे। अमानुल्ला ने फोन करके घर में यह बात बताई। उन्हें आशु पर शक हुआ और उन्होंने आशु पर निगरानी रखनी शुरू कर दी।
18 फरवरी को उन्हें पता लगा कि आशु ने नई मोटरसाइकिल खरीदी है। वह कई दिनों से नए कपडे़ भी खरीद रहा है और अपने दोस्तों को भी खरीदारी करा रहा है। उन्हें यकीन है कि आशु ने ही उनके घर में रखे बैग से पैसे चोरी किए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।