ग्रामीणों ने शुरू किया धरना
बुधवार को इस मामले में अन्य आरोपियोें की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीण एकत्रित होकर जिला सचिवालय पहुंच गए तथा धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाएंगे, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। एकाएक ग्रामीणों द्वारा धरना शुरू करने के बाद अब वकील व ग्रामीण आमने सामने हैं। वहीं पुलिस के लिए यह मामला सिरदर्द बन गया है। धरना पर बैठे पातली के सरपंच विपिन, वेदपाल, कृपाल सूबेदार, शिवराम, राजेंद्र, शिबू ठेकेदार, जय प्रकाश, नकुल, लखन सिंह, संतोष कुमार, उदयवीर सिंह, ओमप्रकाश, भगवान सिंह, महेंद्र, देवेंद्र, अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस आरोपी वकीलों के लाइसेंस रद्द कराए। भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए। देह शामलात की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री को खारिज किया जाए। वकालत की आड़ में गुंडागर्दी करने वाले वकीलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। जिन हथियारों के लाइसेंस रद्द किए जाएं।
अदालतों में जाने वाले गेटों पर लगाया ताला
वहीं वकीलों ने जिला अदालत परिसर में जाने वाले सभी गेटों पर ताला जड़ पूरी तरह से अदालतों को बंद कर दिया है। इस कारण अदालतों में कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द एसपी का तबादला नहीं किया गया तो हड़ताल आगे भी जारी रहेगी। वहीं पलवल के वकीलों के आह्वान पर बार काउंसिल हरियाणा ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर वकीलों को रिहा कराने तथा मुकदमा रद कराने की मांग की है। साथ ही एसपी का तबादला कराने की भी मांग की गई है। प्रधान रविंद्र चौहान ने कहा कि इस मामले में एसपी की भूमिका गलत है। वकीलों पर जानकर राजनीति से प्रेरित होकर झूठेे मुकदमे बनाए जा रहे हैं। इस अवसर पर वकील सुनील डागर, राज कुमार तेवतिया, विक्रम वशिष्ठ, सुनील रावत, लाखा राम, शिव नारायण तेवतिया सहित काफी संख्या में वकील मौजूद रहे।
न्यायाधीशों वाले रास्ते से जाना पड़ा मुवक्किलों को
अदालतों के गेट पर ताला लगाने से मुवक्किलों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अपने केसों की तारीखों पर आए मुवक्किल पहले अदालतों में जाने के लिए भटकते रहे, लेकिन वकीलों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। बाद मुवक्किल किसी तरह से न्यायाधीशों वाले पीछे की तरफ रास्ते से पहुंचकर अदालतों में पहुंचे। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर वकीलों और ग्रामीणों द्वारा धरना शुरू करने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस ने जिला सचिवालय पर सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी तरह का विवाद न हो।