संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रीनफील्ड कॉलोनी पुलिस ने सड़क हादसे में बैंक मैनेजर की मौत के आरोपी कार चालक को गिरफ्तार किया है। यह घटना 20 फरवरी की है, जब सेक्टर-23 की संजय कॉलोनी निवासी बैंक मैनेजर तरुण अपनी स्कूटी से सोसाइटी के पास से गुजर रहे थे। उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तरुण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तरुण के पिता की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए ग्रीनफील्ड कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी कार चालक रिजुल सतीजा को गिरफ्तार किया है। 19 वर्षीय रिजुल सेक्टर-46 का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि वारदात वाले दिन आरोपी अनंगपुर से रोड की तरफ अपनी कार लेकर जा रहा था और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसने तरुण की स्कूटी को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।