गांव छांयसा में जेवर एक्सप्रेसवे के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव छांयसा में जेवर एक्सप्रेसवे के पास स्कूटी सवार दो युवकों को कार ने टक्कर मार दी। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हड़बड़ी में कार भगाने के दौरान चालक ने एक बाइक को भी टक्कर मार दी। थाना छांयसा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव छांयसा निवासी लेखराज ने बताया कि 17 अक्तूबर को भाई राजू और किन्दर स्कूटी पर सवार होकर बहन के पास गए थे। बहन से मिलने के बाद जब वह दोनों जेवर एक्सप्रेसवे के पास छांयसा की तरफ पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने सीधी टक्कर मार दी। उनको टक्कर मारने के बाद जब चालक कार को भगाने लगा, तो उसने उनके गांव में रहने वाले राजेश की बाइक में भी टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि राजेश के जबड़े में गंभीर चोट आई है। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। उनका आरोप है कि काफी समय से गुरनाम, सोनू, रुपी निवासी सील गांव अलवर टपूकड़ा के रहने वाले उनको जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाना छांयसा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।