बाल-बाल बची जान, नगर निगम को कई बार की जा चुकी है शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी में पार्क में बैठी महिलाओं के पास ओवरहेड टैंक से पत्थर आकर गिरा। घटना में महिलाएं बाल-बाल बच गईं। गनीमत रही कि पत्थर उनके सिर पर नहीं गिरा, वरना अनहोनी हो सकती थी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह ओवरहेड टैंक कई वर्षों से बंद पड़ा है। इसकी शिकायत पहले भी नगर निगम में दर्ज करवाई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। टैंक की हालत जर्जर हो चुकी है और समय-समय पर इसके हिस्से टूटकर नीचे गिरते रहते हैं, जिससे आसपास के लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
स्प्रिंग फील्ड कॉलोनी में आरडब्लयूए प्रधान ऋषि मलिक का कहना है कि इस टैंक की शिकायत कई बार संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन कोई सुधार नहीं कराया गया। आज की घटना ने यह साबित कर दिया है कि यह टैंक किसी भी वक्त बड़ा खतरा बन सकता है। प्रशासन से हमारा निवेदन है कि या तो इसे तुरंत ठीक कराया जाए या फिर डिस्मेंटल किया जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।