बल्लभगढ़। कैंसर पीड़ितों को रोडवेज में निशुल्क बस सेवा की सुविधा है। मरीज के साथ एक तीमारदार (अटेंडेंट) भी निशुल्क बस यात्रा का लाभ ले सकता है। हालांकि जिले में मरीजों में जागरूकता की भारी कमी देखने को मिल रही है। इसके चलते इस वर्ष केवल आठ मरीजों ने सुविधा का लाभ के लिए आवेदन किया है। स्वास्थ्य विभाग सहित रोडवेज ने जिले के लोगों से सरकारी सुविधा का लाभ लेने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि कैंसर नॉन कम्युनिकेवल डिजिज है, जो हवा-पानी के द्वारा नहीं फैलता। जिले में प्रवासी मजदूरों सहित कई लोग कैंसर से पीड़ित हैं। ऐसे लोगों को हरियाणा रोडवेज में निशुल्क यात्रा की सुविधा सरकार की ओर से दी जाती है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीज के नाम का प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। उनसे अपील है कि वह सरकार की निशुल्क योजना का लाभ लें।