देर रात खाना खाकर लौटते कारोबारी का अपहरण
फरीदाबाद। एनआईटी -5 निवासी एक प्रॉपर्टी कारोबारी का बदमाशों ने बंदूक दिखाकर अपहरण कर लिया। आरोपी कारोबारी को कुछ किलोमीटर दूर ही छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि उससे पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इस मामले में मुझेड़ी गांव निवासी गज्जू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
एनआईटी-5 निवासी दीपक ने बताया कि कार से बृहस्पतिवार देर रात वह खाना खाने केसी रोड स्थित एक ढाबे में गया था। खाना खाने के बाद जैसे ही वह वापस कार में बैठने लगा तो एक एसेंट कार उसके आगे आकर रुकी। कार में पांच युवक सवार थे। उसमें से चार युवक उतरे, सभी के हाथ में पिस्टल थी। उन्होंने पिस्टल की बट मारकर दीपक की कार का शीशा तोड़ दिया और दरवाजा खोलकर दीपक को कार से बाहर खींच लिया। उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। रास्ते में आरोपियों ने पांच लाख रुपये फिरौती की मांग की। आरोपियों ने दीपक से कहा कि घर से पांच लाख रुपये मांगों तभी छोड़ेंगे।
वहीं, दीपक के परिजनों ने पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस की मौजूदगी का पता लगने पर आरोपी दीपक को तिगांव के पास फेंककर फरार हो गए। दीपक का आरोप है कि गांव मुजैड़ी निवासी गज्जू उससे कई दिनों से फोन पर रंगदारी मांग रहा था। वह अक्सर उसे जान से मारने की धमकी देता था। थाना एनआईटी पुलिस ने दीपक के भाई योगेश उर्फ योगी की शिकायत पर गज्जू व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले में अपहरण के साथ ही लेन-देन के एंगल पर भी जांच कर रही है।