संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पंजाबी वाड़ा क्षेत्र में रविवार सुबह एक कारोबारी ने अपने मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कारोबारी सुबह के समय घर से निकल गया था लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद वापस नहीं आया जिस पर परिजनों ने तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बाद जब परिजन नए मकान पर पहुंचे तो कारोबारी फंदे से लटका हुआ था।
मृतक की पहचान रविंद्र मित्तल उर्फ लाला (42) के रूप में हुई है। वह जूता-चप्पल का कारोबारी था। फंदा लगाने से पहले मृतक ने एक सुसाइड नोट लिखा जिसमें उसने एक रेडीमेड कपड़ा कारोबारी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्हीं कारणों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।