एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य के कारण रोडवेज और निजी बसों का संचालन है बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मोहना रोड पर चल रहे एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य के कारण रोडवेज और निजी बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना इस मार्ग से गंतव्य तक जाने वाले हजारों लोगों को अब मजबूरी में ऑटो और अन्य छोटे वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसका फायदा उठाकर कई ऑटो चालक यात्रियों से मनमाने तरीके से दोगुना किराया वसूल रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोहना रोड से होकर गांव मोहना, मच्छगर, दयालपुर, फफूंदा और आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक रहती है। पहले रोडवेज और निजी बसों के माध्यम से लोग कम किराये में आसानी से सफर कर लेते थे, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के बाद बस सेवा पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ऐसे में यात्रियों को छोटी दूरी के लिए भी अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है।
10 की बजाय देने पड़ते है 20 रुपये
जहां पहले बल्लभगढ़ से मोहना तक का किराया 10 से 15 रुपये लगता था, वहीं अब ऑटो चालक 20 से 30 रुपये तक वसूल रहे हैं। कई बार यात्रियों से बहस भी हो जाती है, लेकिन मजबूरी के कारण उन्हें अधिक किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और महिलाओं को हो रही है। जिन्हें प्रतिदिन इस मार्ग से आना-जाना पड़ता है।