कार्रवाई उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की गई
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने मंगलवार को ओखला एन्क्लेव (दुर्गा बिल्डर) लाइसेंसी कॉलोनी में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की है। विभाग ने आठ पक्के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई उच्चतम न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की गई। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जिला नगर योजनाकार अधिकारी यजन चौधरी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्र की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। विभाग का कहना है कि अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
डीटीपी अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। यजन चौधरी ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि और स्वीकृत योजना के विपरीत किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है, ताकि पूरी कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।