अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। अनंगपुर गांव में प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में लोगों का धरना जारी है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आश्वासन के बाद प्रशासन की तरफ से फिलहाल कार्रवाई पर रोक लगा दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के बाद बृहस्पतिवार सुबह धरना खत्म करने की योजना थी लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि जब तक उन्हें लिखित में आश्वासन नहीं मिल जाता वे धरना चालू रखेंगे। वहीं धरना स्थल पर भीड़ कम थी लेकिन फिलहाल लोगों का धरना जारी है।
बताते चलें कि मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गांव के तीन मकान तोड़ दिए थे वहीं कुछ ग्रामीणों की तरफ से पथराव भी किया गया था। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था जिन्हें बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया था। विवाद बढ़ने के बाद लोगों ने केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर से गुहार लगाई थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने लोगों के घर न टूटने का आश्वासन दिया था।