बीपीटीपी प्लॉटेड कॉलेनियों के निवासियों ने बिल्डर और मेंटनेंस एजेंसी पर मनमानी का आरोप लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-75 से 89 तक बीपीटीपी प्लॉटेड कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के घरों में सड़क की मरम्मत के नाम पर बड़े बिल भेजे जा रहे हैं। निवासियों ने बिल्डर और मेंटनेंस एजेंसी पर मनमानी का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि अधिकांश सड़कें कई दशक से अधूरी पड़ी हैं। ऐसे में निवासियों को सुविधाएं देने की बजाय परेशान किया जा रहा है।
सेक्टर-89 के जी ब्लाॅक निवासी सुमेर चंद खत्री ने बताया कि बिल्डर ने सभी ब्लाॅक में लगभग 20 वर्षों से सड़कों का मरम्मत कार्य अधूरा छोड़ा हुआ है। कुछ हिस्सों को छोड़ दिया जाए तो 80 प्रतिशत सड़के अधूरी पड़ी हुई हैं जिसके कारण वहीं रहने और वहां से निकलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब बिल्डर की ओर से रुपये मांगने के चलते लोगों की टेंशन और भी ज्यादा बढ़ गई है। इसको लेकर बीपीटीपी मेंटेनेंस एजेंसी को फोन लगाया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ स्थित टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के डायरेक्टर अमित खत्री के कार्यालय में छह जून को बिल्डर और लोगों ने अपना पक्ष रखा था। अभी मामले पर किसी भी प्रकार का कोई फैसला और आदेश जारी नहीं हुए हैं।
वहीं लोग इस मुद्दे को राज्यमंत्री राजेश नागर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के समक्ष भी उठा चुके हैं, लेकिन बिल्डर अब भी लोगों को सड़क मरम्मत के नाम पर अनुचित मांग के बिल भेज रहा है। बिल्डर ने 20 साल पूरे होने के बाद भी संबंधित विभाग से कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं लिया है। लोगों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।