ग्रीन बेल्ट से अवैध सब्जी बाजार और अतिक्रमण हटाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम द्वारा अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार दूसरे दिन सख्त कार्रवाई की गई। राजस्व संपदा गांव बेसलवा में स्थित एक अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। इस दौरान बीस डीपीसी और पांच बाउंड्री वॉल को गिराया गया। अमृता हॉस्पिटल रोड के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में भी अतिक्रमण विरोधी ड्राइव चलाई गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से लगाए गए सब्जी बाजार को हटाया गया। साथ ही चालीस से पचास अस्थायी रेहड़ियां, बीस अस्थायी दुकानें व स्टॉल और अन्य विभिन्न अतिक्रमण हटाया गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इससे एक दिन पहले भी गांव बतोला की राजस्व संपदा में करीब चार एकड़ में विकसित की जा रही एक अवैध व्यावसायिक कॉलोनी पर भी जिला नगर योजनाकार की टीम ने बुलडोजर चलाया था। इस दौरान दो बैंक्वेट हॉल और तीन रेस्टोरेंट, फूड जंक्शन, स्पोर्ट्स अकादमी को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा कैली गांव में भी दो बैंक्वट हॉल सहित चार ढांचे ध्वस्त किए। डीटीपी यजन चौधरी का कहना है कि अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा व नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।