पुलिस बल की मौजूदगी में चलाया गया अभियान
नंबर गेम- 2 एकड़ की भूमि को कराया गया अतिक्रमण मुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव मंझावली के राजस्व क्षेत्र में सोमवार देर शाम प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने करीब दो एकड़ क्षेत्र में बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान डीटीपी इंफोर्समेंट विभाग के यंजन चौधरी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि मंझावली में विकसित की जा रही एक अनधिकृत कॉलोनी में निर्माण गतिविधियां चल रही थीं। जांच के बाद प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़फोड़ अभियान चलाया। इस दौरान 10 डीपीसी (नींव स्तर के निर्माण), 5 चहारदीवारी और 4 निर्मित ढांचों को जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।प्रशासन का कहना है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।
तोड़फोड़ अभियान के दौरान राजस्व विभाग, संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम की मौजूदगी रही। पूरे अभियान की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके। प्रशासन ने आमजन से केवल वैध एवं स्वीकृत कॉलोनियों में ही भूखंड खरीदने की अपील की है।