संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीपीटीपी बिल्डर की ओर से सेक्टर-75 से 89 तक की चारों प्लाॅटेड कॉलोनियों में रहने वाले निवासियों को एक मेल किया गया है। जिसमें निवासियों से सड़क की मरम्मत के लिए 290 रुपये प्रति गज और जीएसटी देने की मांग की गई है। निवासियों का कहना है कि बीपीटीपी की ओर से सड़क की मरम्मत के नाम पर खुली और गैरकानूनी लूट की जा रही है।
लोगों ने कहा कि 20 साल बाद भी बीपीटीपी प्लाॅटेड कॉलोनियों के सभी ग्राहक अधूरी सड़कों और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। जिसके चलते लोगों में रोष है। इसको लेकर सभी आरडब्ल्यूए मिलकर बैठक करेंगे। जिसके बाद मेल का उत्तर दिया जाएगा।
सेक्टर- 89 निवासी सुमेर, सेक्टर- 88 के निवासी रविंद्र चौधरी और सेक्टर- 85 आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष प्रफुल शर्मा ने बताया कि लोग बीपीटीपी बिल्डर पर कार्रवाई के लिए डीटीसीपी विभाग व जनप्रतिनिधियों आदि से लगातार मांग कर रहे हैं लेकिन निवासियों की कहीं भी कोई सुनवाई नही हो रही है। सड़क की मरम्मत के नाम पर यह मांग पूरी तरह से गैरकानूनी है। लोगाें का कहना है कि बीपीटीपी के खिलाफ सभी प्रदर्शन कर रोष प्रकट करेंगे और बैठक के बाद ही फैसला लिया जाएगा।
पार्कलैंड सोसाइटी को 10 वर्ष पहले निवासियों को बनाकर दिया गया था, अब समय के साथ सड़क मरम्मत का कार्य होना है। बेहतर रखरखाव जरूरी है। बिल्डर और निवासियों के बीच हुए समझौते के आधार पर सड़क मरम्मत शुल्क लगाया जा रहा है। राशि का बिल तीन किस्तों में दिया जा रहा है। चार्टर्ड अकाउंटेंट की ओर से प्रमाणित कॉस्ट स्टेटमेंट भेजा जाएगा।- श्याम सुंदर, एमडी, बीपीएमएस