- तीन वर्ष में अब तक दो हजार लोगों को ब्लैक मेल कर लोगों से पैसे ऐंठे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाले दो शातिर आरोपियों को साइबर थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी विशाल खान और शैकुल खान दोनों चचेरे भाई हैं। पिछले तीन वर्षों से दोनों लोगों को फर्जी आईडी बनाकर ठग रहे थे। अब तक दोनों दो हजार से अधिक लोगों से पैसे ठग चुके हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी राष्ट्रीय साइबर अपराध रिकार्ड पोर्टल (एनसीआरपी) के माध्यम से हुई है। एनआईटी साइबर थाना पुलिस एक ठगी के मामले की जांच कर रही थी। साइबर पुलिस की टीम ने आरोपियों द्वारा ठगी में उपयोग किए जा रहे मोबाइल नंबरों को एनसीआरपी पर अपलोड कर जांच की तो उसमें एक ही दिन में छह ठगी के मामला सामने आए। पुलिस ने इन नंबरों को जांच में डाला और आरोपियों की पहचान के लिए मुखबिरों को लगाया। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पता चला कि दोनों आरोपी विशाल और शैकुल जीवन नगर-1 में किराये का मकान लेकर रहते हैं। इसके बाद टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर करते थे ब्लैकमेल
साइबर पुलिस की जांच में पता चला कि गिरफ्तार दोनों आरोपी लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर फर्जी आईडी बना लेते थे। इसके बाद उन्हें डर दिखाकर ब्लैकमेल करते थे। इनमें अधिकतर किशोर और बुजुर्गों को निशाना बनाया गया था। वह कुछ खातों में यूपीआई के माध्यम से पैसे लेते थे।
2 हजार लोगों से तीन साल में की है ठगी
गिरफ्तार आरोपियों में से एक मूलरूप से पलवल के उटावड का रहने वाला है। दोनों जीवन नगर में किराए के मकान में रहते थे। पूछताछ में सामने आया कि दोनों तीन साल से लोगों से ठगी करते थे। इन्होंने अभी तक दो हजार से अधिक लोगों से ठगी की है। पुलिस आरोपियों से जब्त मोबाइल फोन की जांच कर रही है।
मात्र आठवीं तक पढ़े हैं दोनों आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों ने आठवीं तक ही पढ़ाई की है। इसके बावजूद दोनों लोगों की इंस्टाग्राम और अन्य सोशल साइट्स पर बनी आईडी को हैक कर उसमें बदलाव कर लोगों से पैसे ऐंठते थे।