फरीदाबाद।
पिछले करीब 30 वर्षों से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सेवा में जुटे खुराना की ओर से सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क एवं लॉन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजसेवी मोहिंदर खुराना ने अपना जन्मदिन जरूरतमंद और विशेष बच्चों के साथ मनाकर खुशी का अनूठा संदेश दिया। इसमें थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के साथ आर्य कन्या सदन की लड़कियों और बौद्धिक रूप से अक्षम बच्चों को भी आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के मनोरंजन के लिए मैजिक शो, विभिन्न खेल और अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं।
बच्चों के लिए स्वादिष्ट भोजन और उपहारों की भी व्यवस्था की गई। बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मैजिक शो और खेलों के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के जनरल सेक्रेटरी रवींद्र डुडेजा ने थैलेसीमिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस बीमारी से पीड़ित बच्चों को जीवनभर नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की आवश्यकता होती है। ऐसे बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने में समाज की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने और थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। इस अवसर पर डॉ. सुरेश अरोड़ा, विशेष खुराना, दिनेश रघुवंशी हरप्रीत कौर और रेणु राजन भाटिया समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को उपहार देकर विदा किया गया।