सूरजकुंड रोड पर हुआ हादसा, एनआईटी थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी थाना इलाके में सूरजकुंड रोड पर बीएमडब्ल्यू कार चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती और उनकी बेटी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोप है कि कार चालक नशे में था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि एनआईटी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। सूरजकुंड रोड पर यह हादसा सोमवार शाम को हुआ। घायलों में चंदन सिंह (35), सुनीता (31) और छवि (8) शामिल हैं। परिवार यूपी, मथुरा का मूल निवासी है। यहां वे भूपानी के महाराजा सूरजमल एंक्लेव में रहते हैं। बतौर चालक काम करने वाले चंदन सिंह ने पुलिस को बयान दिया है कि सोमवार शाम को वो अपनी बाइक से सूरजकुंड रोड पर सिद्धदाता आश्रम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीएमडब्ल्यू कार चालक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।