युवकों ने लाठी-डंडों और हथौड़ों से कई वाहनों में तोड़फोड़ की
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। तिलपत स्थित सूरदास कॉलोनी में रात के समय बाइक सवार करीब 30 युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और हथौड़ों से कई वाहनों में तोड़फोड़ की। कुछ घरों को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय युवक बाइक पर सवार होकर कॉलोनी की गलियों में घूमते रहे। इस दौरान कई जगह खड़े ऑटो, कार और बाइक में तोड़फोड़ की गई। घटना से लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई परिवार घरों से बाहर निकलने से भी डरते रहे। फुटेज में बड़ी संख्या में बाइक सवार युवक गलियों में घूमते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूरदास कॉलोनी में पहले से ही वाहन चोरी की घटनाओं को लेकर लोग परेशान हैं। कुछ दिन पहले एक बाइक चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज में दो युवक रात के समय गली में खड़ी बाइक के पास पहुंचे और उसे चोरी कर फरार होते दिखाई दिए थे। पीड़ित की ओर से पल्ला थाने में शिकायत भी दी गई थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।