- घायल को अस्पताल के बाहर छोड़ कर भाग गए थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में चाऊमीन खा रहे 23 वर्षीय युवक पर चार युवकों ने चाकू और नुकीले हथियार से हमला किया। युवक के दाएं पैर के कूल्हे पर गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने घायल के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर चारो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और स्कूटी भी बरामद कर ली गई है
घायल युवक सतीश यादव के पिता शकल देव यादव ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि 6 अक्तूबर की रात करीब 9:45 बजे सतीश बसेलवा कॉलोनी में चाऊमीन खा रहा था। इसी दौरान बसलेवा निवासी तरुण, युवराज उर्फ गडवाली, राहुल उर्फ बुद्धि और अरुण वहां पहुंचे। आरोप है कि अरुण ने सतीश के दाएं पैर के कूल्हे पर चाकू से वार किया। राहुल ने नुकीले हथियार से हमला करने का प्रयास किया, जिसे विनोद ने मौके पर पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक घायल सतीश को स्कूटी से निजी अस्पताल सेक्टर-19 ले गए। अस्पताल पहुंचने के बाद वे सतीश को बाहर छोड़कर भाग गए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि सतीश के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते चारों, सतीश के पास पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान अरुण ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।