दिल्ली में संपन्न हुए अंतर कॉलेज टेनिस टूर्नामेंट में किया शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली में संपन्न हुए अंतर कॉलेज टेनिस टूर्नामेंट में फरीदाबाद के तीन खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तीनों ही खिलाड़ियों ने लगातार 5 मुकाबले जीतकर यह कामयाबी हासिल की। पूरी प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मुकाबले को छोड़ दिया जाए तो पुरुष वर्ग में कोई भी खिलाड़ी जय राणा और भव्य सिंगमार को टक्कर तक नहीं दे पाया। वहीं महिला वर्ग में अदिति रावत ने सभी मुकाबले आसानी से जीत लिए।
हिंदू कॉलेज की ओर से पहले दौर में खेलने उतरे भव्य और जय राणा ने बेहद आसानी से 6-2, 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं दूसरे दौर में दोनों ही खिलाड़ियों ने 6-0, 6-0 से जीत दर्ज की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में 6-0, 6-0 से आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि सेमीफाइनल में दोनों ही खिलाड़ियों को थोड़ी सी मशक्कत करनी पड़ी।
सेमीफाइनल में गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के खिलाड़ियों के खिलाफ भव्य ने 7-4 और जय राणा ने 7-3 से मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद फाइनल में भव्य सिंगमार ने सिद्धांत को हराकर 8-3 से बेहद आसानी से जीत दर्ज की। वहीं जय राणा ने गौरांश को हराकर बाजी मारी। वहीं महिला वर्ग में अदिति रावत ने श्रीराम कॉलेज की ओर से खेलते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में ऋिद्धिमा मिश्रा को 6-2 से हरा दिया।
बता दें कि तीनों ही खिलाड़ी इससे पहले भी कई चैंपियनशिप और राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताएं जीत चुके हैं। हाल ही में फरीदाबाद में ही संपन्न हुए हरियाणा ओलंपिक के टेनिस खेलों में भी सभी खिलाड़ियों ने एकल, युगल और मिक्स्ड इवेंट में कई पदक अपने नाम किए थे। तीनों ही खिलाड़ी पिछले करीब 10 सालों से फरीदाबाद टेनिस अकादमी में अभ्यास कर रहे हैं।