बल्लभगढ़। गांव सदपुरा में एक टैंपो में पशु भरकर ले जा रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पीट दिया। ग्रामीणों ने शक के आधार पर बृहस्पतिवार सुबह टैंपो को रोका था। जिसमें गाय व बछड़ों को भरा हुआ देखकर लोग भड़क गए और चालक की पिटाई कर दी। इसके बाद लोगों ने थाना तिगांव में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को ही देर रात मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि इस दौरान तीन युवक मोटर साइकिल पर भी टैंपो के साथ-साथ चल रहे थे। मामला बिगड़ता देख वह तीनों वहां से निकल भागे।
सदपुरा निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसका घर बस स्टैंड के पास है। सुबह करीब 9 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। मुख्य सड़क से एक टैंपो गुजरा उसके ऊपर तिरपाल लगी हुई थी। कृष्ण को शक हुआ कि इसमें कुछ जानवर भरे हुए हैं, क्योंकि टैंपो से बदबू आ रही थी। शक होने पर कृष्ण व अन्य लोगों ने टैंपो को रुकवा लिया।
लोगों ने देखा कि टैंपो में दो बड़े बछड़े व गाय थी, जिन्हें मुंह बांधकर ले जाया जा रहा था। ये सब देखकर आसपास के लोग भड़क गए और टैंपो के चालक को पीटना शुरू कर दिया। सूचना पाकर थाना तिगांव पुलिस मौके पर पहुंची और टैंपो को कब्जे में लेकर चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने गाय व बछड़ों को गौशाला में भिजवा दिया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।