एसी को लेकर हुई थी बहस, थाना सेक्टर 8 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। बीबीए के छात्र को जिम संचालकों ने बंधक बनाकर पीटा। आरोप है जिम संचालक ने छात्र पर रॉड से हमला किया। हमले में छात्र बेहोश हो गया। शिकायत के बाद थाना सेक्टर 8 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-3 निवासी देवेंद्र पाराशर ने बताया कि उनका बेटा मयंक पाराशर (20) बीबीए का छात्र है। पिछले 7 महीने से उनका बेटा सेक्टर 10 स्थित '' जिम दा गुरु '' जाता है। 3 दिसंबर को मयंक अपने दोस्त रौनक व उज्ज्वल के साथ जिम गया था। जहां पर एसी को लेकर मयंक की गांव सीही निवासी प्रदीप डागर और प्रवीन डागर से कहासुनी हो गई। दोनों जिम के संचालक हैं। आरोप है कि घर निकलते समय मयंक को आरोपियों ने पकड़ लिया और बंधक बनाकर जिम में रखी रोड व नुकीली चीजों से हमला किया। आरोपियों ने छात्र से जमकर मारपीट की। हमले में मयंक बेहोश हो गया। घटना की सूचना जिम में मौजूद लड़कों ने उनके भाई रामाकांत को दी। उसके बाद इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उनके बच्चे को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल बल्लभगढ़ में भर्ती करवाया जहां डॉक्टरों ने उनको उच्च अस्पताल में रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उनके बेटे मयंक के कई जगह फ्रैक्चर हुआ है । पुलिस ने जिम संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चौकी सेक्टर 11 के इंचार्ज प्रदीप मोर ने बताया कि दोनों जिम संचालकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।