फरीदाबाद (धनंजय चौहान)। खस्ताहाल समस्या से जूझ रहे ओल्ड फरीदाबाद स्थित बराही तालाब के दिन जल्द फिरने वाले है। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) की रोक हटने के बाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने तालाब के जीर्णोद्धार की योजना बनाई है। योजना के तहत बराही तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बराही तालाब के पास एक बड़ा टावर बनाया जाएगा। इससे लोग बराही तालाब और ओल्ड फरीदाबाद का नजारा देख सकेंगे। इसके अलावा तालाब के पास ही अखाड़ा भी तैयार किया जाएगा। इन सबके साथ ही कई अन्य सुविधाओं का भी यहां इंतजाम होगा।
ओल्ड फरीदाबाद का बराही तालाब कई दशक पुराना है। यहां पर हर साल बराही मेले का आयोजन होता है। इसके अलावा छठ के पर्व पर भी श्रद्धालु यहां पूजा करने के लिए आते हैं। पिछले कई साल से इसकी हालत खराब हो चुकी है। करीब दो साल पहले स्मार्ट सिटी मिशन के अंदर बराही तालाब को बेहतर बनाने का प्रस्ताव था।
योजना पर काम शुरू होने से पहले ही इसपर एनजीटी ने किन्हीं कारणों से रोक लगा दी थी। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार, दो महीने पहले एनजीटी ने बराही तालाब पर लगी रोक हटा ली है। इसके बाद योजना पर फिर से काम शुरू कर दिया गया है। बराही तालाब को एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है।
पानी की व्यवस्था के लिए छोटा एसटीपी प्लांट लगेगा
स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गरिमा मित्तल ने बताया कि तालाब जहां है, उसे वहीं रहने दिया जाएगा। इसमें पानी की व्यवस्था के लिए एक छोटा एसटीपी प्लांट लगाया जाएगा, जिसमें आसपास के सेक्टरों के सीवर के पानी को ट्रीट कर डाला जाएगा। ये पानी हर महीने बदल दिया जाएगा।
नक्षत्र गार्डन पर्यटकों को करेगा आकर्षित
तालाब के साथ ही यहां एक नक्षत्र गार्डन तैयार किया जाएगा। इसमें 27 पेड़ चारों दिशाओं में लगाए जाएंगे। एक डिजिटल गैलरी भी होगी। इसमें ऑटोमैटिक तरीके से लोग अपना भाग्य देख सकेंगे। तालाब के एक हिस्से में बच्चों के लिए अम्यूजमेंट पार्क, रेस्तरां का निर्माण किया जाएगा। इसमें एक बड़ा टावर भी लगाया जाएगा, जिस पर लोग चढ़कर दूरबीन से शहर का विहंगम दृश्य देख सकेंगे।
बराही तालाब को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसका नए सिरे से डिजाइन तैयार करवाया जा रहा है। जल्द एस्टीमेट बनाकर टेंडर कर दिया जाएगा। इस कार्य में दो माह का समय लगेगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- गरिमा मित्तल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्मार्ट सिटी लिमिटेड फरीदाबाद