फरीदाबाद। पैसों के लालच में साइबर ठगों का साथ देने के आरोप में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी अंकित कनौजिया, आकाश और आदर्श सिंह को तीन अगस्त को गिरफ्तार किया है। तीनों आपस में जानकार हैं, एक ही इलाके में पड़ोसी हैं और साथ खेलते थे।
आरोप है कि इन्होंने साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराया था, जिसका इस्तेमाल टेलीग्राम टास्क के नाम पर एक महिला से साइबर ठगी में किया गया। अदालत में पेश करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इरोज अपार्टमेंट निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि उसे घर बैठे कमाई का लालच देकर टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। शुरुआत में कुछ टास्क पूरे कराकर भरोसा जीता गया। इसके बाद सात अप्रैल को प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर उससे 90,430 रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अंकित कनौजिया, आकाश और आदर्श सिंह निवासी गोमती नगर, लखनऊ को गिरफ्तार किया। संवाद