ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन यार्ड के पास फैली मिट्टी से वाहनों के आने जाने पर उड़ती धूल । संवाद
वायु गुणवत्ता सूचकांक 332 दर्ज किया गया, लोगों की बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में एक बार फिर से बढ़ते प्रदूषण के स्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा वायु गुणवत्ता सूचकांक के आंकड़े परेशान करने वाले रहे। बल्लभगढ़ पूरे देश में चौथा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। यहां की खराब आबोहवा ने दिल्ली, गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रदूषण का अचानक से बढ़ना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक 332 दर्ज किया गया। वहीं फरीदाबाद का एक्यूआई 253 दर्ज किया गया, जो बुधवार के मुकाबले कहीं ज्यादा है। इसकी वजह से लोगों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी भी बढ़ने लगी हैं। बढ़ते प्रदूषण स्तर की वजह से लोग आंखों में जलन, सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम रही और सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है। उनका कहना है कि आंकड़ों में पारदर्शिता न होने के कारण प्रशासनिक कार्रवाई भी प्रभावी नहीं हो पा रही है। बता दें कि बल्लभगढ़ और फरीदाबाद का एक्यूआई इस हफ्ते तेजी से बढ़ा है। विशेषज्ञ इसका कारण ग्रेप की पाबंदी हटना बता रहे हैं।