संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता के लिए सेक्टर-12 खेल परिसर और अन्य जगहों पर ओपन श्रेणी (लड़का और लड़की) के ट्रायल मंगलवार को भी जारी रहे। बैडमिंटन, फुटबॉल, शूटिंग, हैंडबॉल व टेबल टेनिस के ट्रायल संपन्न हुए। इसमें चुने गए खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में 23 खेलों के बेहतरीन खिलाड़ियों का ट्रायल के आधार पर चयन किया जा रहा है।
सेक्टर-17 स्थित केएल मेहता स्कूल बैडमिंटन कोर्ट में लड़कियों के वर्ग में ट्रायल हुए। इसमें छवी, ताशवी गुप्ता, माया और अवनी कालरा का चयन किया गया। जबकि लड़कों के श्रेणी में अतिक्ष मलहोत्रा, जतीन, केतन और मयंक का चयन किया गया। लड़कों के वर्ग में फुटबॉल टीम में 23 खिलाड़ी और लड़कियों की श्रेणी में 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इसके अलावा पांच खिलाड़ियों को सुरक्षित रखा गया है।
शूटिंग में लड़कों के पिस्टल में ज्ञानदीप, जतीन और अरूण का चयन किया गया है। वहीं, लड़कियों की श्रेणी में रेणू, लक्की व प्रीता सलूजा का चयन हुआ है। राइफल इवेंट में आचंल, हर्षिता राय व हर्षिता राठी का चयन किया गया। लड़कों की श्रेणी में सौर्या, गौरव व भव्यांश सैनी टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। लड़कियों के हैंडबॉल में 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया। जबकि चार को सुरक्षित रखा गया है। लड़कों की श्रेणी में 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। टेबल टेनिस में पांच लड़के और पांच लड़कियों का ट्रायल के आधार पर चुना गया। यह सभी खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।