एनआईटी स्थित दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय सर्कल कबड्डी कप के हुए मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी स्थित दशहरा मैदान में हरियाणा युवा संघ की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय सर्कल कबड्डी कप के एक रोचक मुकाबले में बदरपुर ने रोहतक की टीम को 11-9 से हरा दिया। इसमें फरीदाबाद, पलवल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के शुरू में बुजुर्गों के लिए एथलेटिक्स के मुकाबले हुए।
बुजुर्गों की 200 मीटर दौड़ के मुकाबले में फरीदाबाद के जगत सिंह प्रथम स्थान पर रहे, जबकि खेड़ीकला के हरपाल द्वितीय व फिरोजपुर कला के धर्मवाल तृतीय स्थान पर रहे। गोला फेंक मुकाबले में 49.5 फीट गोला फेंक कर राजपाल प्रथम स्थान पर रहे। जबकि अनूप द्वितीय व भूपेंद्र तृतीय स्थान पर रहे। इसके बाद कबड्डी का पहला मुकाबला सुखवीर सोध व अलीपुर के बीच खेला गया। इसमें सुखवीर की टीम ने 11-6 से बाजी मारी। जबकि दूसरा मुकाबला रोहतक और बदरपुर के बीच खेला गया। इसमें बदरपुर की टीम ने 11-9 से जीत दर्ज की। तीसरा मुकाबला जींद व भाकरी फरीदाबाद के बीच खेला गया। इसमें जींद की टीम 8-2 से विजयी रही। चौथा मुकाबला नवादा व झज्जर के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में नवादा की टीम 11-8 से विजयी रही। एक अन्य मुकाबला कैथल व मांगर के बीच खेला गया। इसमें कैथल की टीम ने 11-4 जीत दर्ज कर अगले राउंड में प्रवेश किया। पलवल की टीम ने दयालपुर की टीम को 11- 2 से हराया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को एक लाख एक हजार का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 71 हजार, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 41 हजार व चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, महिला वर्ग में विजेता टीम को 31 हजार तथा उपविजेता को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे।
-