ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण कच्चा माल लाने और तैयार माल भेजने में होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क न बनने से उद्यमी बेहद परेशान हैं। औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के अभाव, विशेषकर सड़कों के अस्तित्व में न होने के कारण यहां के व्यवसायियों को भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उद्यमियों का कहना है कि सड़क न होने के कारण कच्चा माल लाने और तैयार माल भेजने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है।
लोडिंग वाहनों के पलटने का डर हमेशा बना रहता है, जिससे न केवल माल का नुकसान होता है बल्कि श्रमिकों की सुरक्षा भी खतरे में रहती है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों के कारण वाहनों का मेंटेनेंस खर्च भी दोगुना हो गया है। नरेश नाम के एक उद्यमी ने कहा कि इसका असर व्यापार पर पड़ रहा है । विदेशी और अन्य राज्यों के ग्राहक खराब रास्तों के कारण फैक्ट्री आने से कतराते हैं। मोहित नाम के एक अन्य उद्यमी ने कहा कि बारिश में जलभराव की बहुत समस्या रहती है। हल्की बारिश में भी सड़कें तालाब बन जाती हैं, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो जाता है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। यदि जल्द ही सड़कों का निर्माण नहीं शुरू हुआ, तो उद्यमी कामकाज बंद कर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।