बाहर कूडे़ का ढेर और मुख्य द्वार पर पानी रहता है जमा, मरीजों को होती है परेशानी
नीरज धर पाण्डेय
फरीदाबाद। सुभाष काॅलोनी बल्लभगढ़ स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर की स्थिति इन दिनों बदहाल है। केंद्र के बाहर कूड़े का ढेर लगा रहता है और मुख्य द्वार पर पानी जमा होने से मरीजों और गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि बुधवार और शुक्रवार को यहां बहुत भीड़ होती है जिससे मरीजों को काफी दिक्कत होती है। लोगों ने कहा कि केंद्र बहुत छोटा है। अंदर बैठने के लिए जगह है लेकिन भीड़ ज्यादा होने की वजह से गर्भवती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मैं पांच महीने की गर्भवती हूं। मैं यहां अक्सर आती रहती हूं। आरोग्य मंदिर के बाहर पानी जमा होने और कूड़े का ढेर लगना ठीक नहीं है। यहां दवाई लेने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है क्योंकि अंदर जगह कम है और भीड़ ज्यादा हो जाती है। कभी-कभी दवाइयां भी पूरी नहीं मिल पाती। -कविता
यहां जगह की कमी होने की वजह से अंदर काफी भीड़ हो जाती है। यहां पर डिलीवरी की भी सुविधा नहीं है। अगर यहां सुविधाएं बढ़ाई जाएं तो आसपास की गर्भवती महिलाओं को काफी फायदा होगा।-अनुपम
मैं सात महीने की गर्भवती हूं। मैं यहां जांच कराने आई थी। मुझे खून की कमी है। अब मुझे बीके अस्पताल जाना पड़ेगा और खून चढ़वाना पड़ेगा क्योंकि यहां इसकी सुविधा नहीं है। -सुषमा सोनकर
केंद्र के अंदर साफ सफाई रहती है, लेकिन बाहर की गंदगी से सभी परेशान हैं। कई बार कूड़े की समस्या को लेकर हमने पार्षद से शिकायत की और उन्होंने कूड़ा साफ भी कराया लेकिन अभी भी आसपास के लोग कूड़ा फेक जाते हैं। केंद्र पर एक स्थायी सफाई कर्मचारी की भी जरूरत है जिसके लिए हमने ऊपर अधिकारियों को लिखा है।-डॉ. शिवानी, प्रभारी, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुभाष कॉलोनी