बल्लभगढ़। सिही गेट बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान पर शुक्रवार रात मोटरसाइकिल से आए दो बदमाशों ने हवाई फायर कर दिया। आरोपी व्यापारी से कैश लूटना चाहते थे। व्यापारी ने हिम्मत दिखाई और गल्ला नहीं खोला। इससे पहले कि आरोपी कुछ कर पाते व्यापारी की मां दुकान में आ गई। इससे हमलावर घबरा गए और हवाई फायर कर वहां से भाग गए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
सिही गेट बल्लभगढ़ निवासी दीपक गर्ग ने बताया कि उनकी यहां डालचंद हलवाई के नाम से दुकान है। दुकान में पीछे एक कमरा बना हुआ है। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे दीपक दुकान पर बैठे थे। उनकी मां पीछे वाले कमरे में थीं। इसी दौरान दो युवक आए। आरोपियों का तीसरा साथी मोटरसाइकिल पर खड़ा था। दुकान में घुसे दोनों युवकों ने हाथ में कट्टा था। आरोपियों ने अंदर आते ही दीपक पर कट्टा तान दिया और गल्ले में हाथ मारा। आरोपियों ने कहा कि सारे पैसे उन्हें दे दे। दीपक ने उन्हें बताया कि उसने सारी नकदी घर भेजवा दी है। उसके पास या गल्ले में रुपये नहीं हैं। इस पर एक बदमाश ने दीपक को धक्का मारा।
आवाज सुनकर दीपक की मां कमरे से दुकान में आ गईं। बदमाशों के हाथ में कट्टे देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। इससे बदमाश घबरा गए। उनमें से एक ने दीपक व उसकी मां को डराने के लिए गोली चला दी। इसके बाद दोनों बाहर की तरफ भागे। बाहर जाकर उन्होंने एक और फायर किया। आरोपी पहले से मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़े अपने तीसरे साथी के साथ फरार हो गए।