पलवल। जिले के घोड़ी गांव में अवैध रेत खनन को रोकने की कोशिश करना एक महिला कर्मचारी को भारी पड़ गया। एमएम ट्रेडर्स माइनिंग कंपनी में कार्यरत देवी सिंह ने अवैध रेत ले जा रहे ट्रक को पकड़कर पुलिस को सौंपा था।
कार्रवाई से नाराज़ गांव का सरपंच बंटी गुर्जर पहले फोन पर जान से मारने की धमकी दी और फिर शाम को पांच साथियों के साथ देवी सिंह के घर पर हमला कर दिया। हमलावर कट्टों, पिस्तौल और बंदूकों से लैस थे और अधिकतर ने चेहरे ढक रखे थे। घर पहुंचते ही सरपंच बंटी ने देवी सिंह पर गोली चला दी, जो उसके कान के पास से निकल गई और वह बाल-बाल बच गई। बाकी आरोपियों ने भी ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। पुलिस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सरपंच बंटी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। संवाद