सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर थाना क्षेत्र की सैनी नगर कॉलोनी में युवक के साथ मारपीट कर अवैध हथियार से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा के अनुसार सैनी नगर निवासी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार की शाम करीब छह बजे वह अपने दोस्त लोकेश के साथ कॉलोनी की सड़क किनारे बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए धीरज उर्फ भठूरा और आकाश ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि धीरज ने पिस्टल निकालकर उसे धमकाया और गोली चलाने का प्रयास किया, जबकि आकाश ने उसके दोस्त का मोबाइल छीनने की कोशिश की। इसी दौरान उनका साथी ऋषि उर्फ जाग स्कूटी लेकर पहुंचा और रास्ता रोकने का प्रयास किया। शिकायत में राहुल सोनी का नाम भी शामिल है।
शुरुआत में शिकायतकर्ता कोई मेडिकल रिपोर्ट या ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका था, लेकिन बाद में उसने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपी। फुटेज में मारपीट और आरोपी के हाथ में हथियार दिखाई देने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।