Arrested for cheating crores in the name of real estate, has made hundreds of people his victim on the pretext of selling house and land
फरीदाबाद। रियल एस्टेट कंपनी बनाकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ जिले के अलावा दिल्ली, उत्तरप्रदेश में मकान व जमीन बेचने का झांसा देकर ठगी करने के दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 25 मामले उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने बताया कि वर्ष 2019 में मेसर्स आरवीए रियलकॉन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से कंपनी खोली गई थी। रियल एस्टेट का काम करने वाली कंपनी जमीन और मकान बेचने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाती थी। आरोपी नंदकिशोर अपने अन्य साथियों के साथ कंपनी का विज्ञापन दिखाकर सौदा पक्का कर लेता था। इसके बाद ग्राहकों से अग्रिम राशि लेकर अपना ऑफिस दूसरी जगह शिफ्ट होने की बात कहकर गायब हो जाता था। ठगी के शिकार पीड़ित हाथ पर हाथ धरे रह जाते थे। वर्ष 2019 में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी नंदकिशोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पूछताछ करने के लिए उसे एक दिन की रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ करने के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने कई शहरों में अपना ऑफिस खोला था और ठगी की वारदात को अंजाम देता रहा।