पल्ला थाने में दर्ज हुई थी एफआईआर, 31 मई की रात को हुई थी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला थाना इलाके में कहासुनी के बाद चाकू मारकर युवक की हत्या के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी 25 साल का प्रदीप आगरा का मूल निवासी है। मामले में दो आरोपियों नाजिम व कमल को वारदात के तुरंत बाद एक जून को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अब पकड़े गए आरोपी प्रदीप को एक दिन के रिमांड पर लेकर अपराध शाखा डीएलएफ की टीम पूछताछ कर रही है।
आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि 31 मई 2025 को आरोपी प्रदीप अपने साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इस दौरान इनकी किशन के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी और फिर हाथापाई हो गई। इसी दौरान प्रदीप व नाजिम ने किशन पर चाकू से वार कर दिया जिससे किशन की मृत्यु हो गई। आरोपी प्रदीप ट्रक ड्राइवर है। घटना के बाद वो ट्रक लेकर महाराष्ट्र की ओर चला गया था। अब आरोपी लौटा तो टीम ने उसे काबू कर लिया।
हत्या की यह वारदात 31 मई की रात को हुई थी। सूर्या विहार निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि उनका पति किशन 31 मई की रात को घर से बाहर सैर करने गया था। काफी देर तक वो नहीं लौटे तो महिला ने उसे ढूंढना शुरू किया। महिला उसे ढूंढते हुए ओम शांति चौक के पास पहुंची तो किशन की हत्या हो चुकी थी। पल्ला थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। मामले में अब तक पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।