टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क, निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर दिया गया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले की एक महिला समेत सात लोगों से 25.27 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क, निवेश पर मुनाफे, गैस कनैक्शन का बिल पेंडिंग, गैस कनैक्शन काटने, पॉलिसी रिफंड के झांसे देकर ठगी की ये वारदात की। साइबर क्राइम थाना एनआईटी में तीन, सेंट्रल में तीन और बल्लभगढ़ में एक एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामलों में टीमें जांच कर आरोपियों का पता लगा रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले मामले में पुलिस को शिकायत सैनिक कॉलोनी निवासी महिला सरिता ने दी है। 22 व 23 अगस्त को इनसे टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 2.15 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी में शिकायत सूरजकुंड रोड की चार्मवुड विलेज सोसाइटी निवासी व्यक्ति ने दी है। आरोपियों ने 28 जून को इन्हें घरेलू गैस कनेक्शन काटने का मैसेज भेजा। बाद में इनसे संपर्क कर इसे चालू रखने को लेकर बात की और फिर 590185 रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
तीसरे मामले में पुलिस को शिकायत एनआईटी एरिया की कंपनी की ओर से आनंद ने शिकायत पुलिस को दी है। इनका कहना है कि 21 अगस्त को अडानी गैस का पेंडिंग बिल का मैसेज आया। बाद में बिल भरने के नाम पर इनसे 4.94 लाख रुपये ठग लिए गए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-81 निवासी जोगेंद्र सिंह ने दी है। 21 अगस्त को इनके पास एक नंबर से कॉल आई। आरोपी ने अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक का कर्मचारी बनकर बात की। फिर क्रेडिट कार्ड की एप पर डिटेल भरवाने के बाद 247374 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
पांचवें मामले में पुलिस को शिकायत सेक्टर-86 की सोसाइटी निवासी संजय कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 19 मई से 12 जून के दौरान आरोपियों ने निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर छह लाख रुपये ठग लिए। बाद में आरोपियों ने न तो मुनाफा दिया और न ही निवेश की गई रकम ही वापस दी। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत खेडी कला निवासी गौरव ने दी है। युवक के अनुसार 10 से 14 अगस्त के दौरान कुछ कपड़ों की डिटेल इनके पास आई। इसमें से कुछ कपड़े इन्होंने खरीदने के लिए चुने। आरोपियों ने पार्सल डिलीवर करने का झांसा देकर 214317 रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।
सातवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी दुर्गेश ने दी है। इनका कहना है कि 7 से 9 अगस्त के दौरान आरोपी ने इंश्योरेंस कंपनी कर्मचारी बनकर बात की। फिर पॉलिसी रिफंड के बहाने आरोपी ने 166818 रुपये ट्रांसफर करा लिए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।