होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल की छात्राओं का रहा दबदबा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 10वीं जिला योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में सेक्टर-29 स्थित होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने कई पदक अपने नाम किए। योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन फरीदाबाद और द श्रीराम मिलेनियम स्कूल की ओर से 16 और 17 मई को प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के 12-14 आयु वर्ग की पारंपरिक योगासन स्पर्धा में अंकिता ने स्वर्ण अपने नाम किया। वहीं अर्पिता ने रजत और ऋषिका ने कांस्य पदक हासिल किया। आर्टिस्टिक सोलो प्रतियोगिता के 12-14 आयु वर्ग में भी अंकिता ने रजत और अर्पिता ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर अंकिता, अर्पिता और ऋषिका का चयन हरियाणा स्टेट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता योगा फेडरेशन ऑफ इंडिया से संबद्ध हरियाणा स्टेट योगासन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित होगी। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।