29 लाख रुपये से कराई जाएगी प्रमुख सीवर लाइनों की सफाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-56ए में लंबे समय से बनी हुई सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने क्षेत्र की सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए व्यापक योजना तैयार की है। विभाग की ओर से सेक्टर की सभी प्रमुख सीवर लाइनों की गहराई तक सफाई कराई जाएगी, जिस पर करीब 29 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि निविदा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अगले महीने से काम शुरू होने की संभावना है।
सेक्टर-56ए में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से आबादी बढ़ी है लेकिन बढ़ती आबादी के मुकाबले सीवर व्यवस्था की समय-समय पर सफाई नहीं हो पाई। स्थानीय लोगों के अनुसार, सेक्टर विकसित होने के बाद से अब तक सीवर लाइनों की व्यापक सफाई नहीं हुई है। इसके चलते कई जगहों पर लाइनें पूरी तरह जाम हो चुकी हैं और सीवर के पानी का बहाव बाधित हो जाता है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि सीवर का गंदा पानी सड़कों और खाली प्लॉटों में भर जाता है, जिससे लोगों को दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ता है।
एचएसवीपी की और तैयार योजना के तहत सेक्टर में मौजूद सभी सीवर लाइनों की मशीनों के माध्यम से डीप क्लीनिंग कराई जाएगी। इसके अलावा सेक्टर स्थित आशियाना फ्लैट्स की सीवर लाइनों को भी साफ किया जाएगा। सफाई के दौरान पाइप लाइनों में जमी गाद और कचरे को आधुनिक मशीनों की सहायता से बाहर निकाला जाएगा ताकि सीवर के पानी का फ्लो सुचारु रूप से चलता रहे।
एचएसवीपी के अधीक्षण अभियंता संदीप दहिया ने बताया कि सीवर लाइनों की सफाई का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा और इसे पूरा करने के लिए करीब तीन महीने का समय निर्धारित किया गया है।