फरीदाबाद। फीस वृद्धि को लेकर सेक्टर-21 डी स्थित जीबीएन स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अभिभावकों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। स्कूल पहुंच कर अभिभावकों ने धरना प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन के आश्वासन के बाद भी छात्रों की बढ़ी फीस कम नहीं की गई, बल्कि बढ़ी फीस जमा न कराने पर स्कूल बच्चों की टीसी काटकर थमा रहा है। स्कूल के सामने अभिभावकों द्वारा धरना प्रदर्शन करने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एनआईटी पांच थाना प्रभारी ने अभिभावकों से बातचीत की।
जीबीएन स्कूल के छात्रों की फीस 3,550 रुपये से बढ़ाकर 5,280 रुपये कर दी गई है। स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस बढ़ाने से नाराज अभिभावक सोमवार को स्कूल पहुंचे और धरना-प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। अभिभावकों ने बताया कि कि फीस वृद्धि के विरोध में अप्रैल माह से लेकर चार-पांच बार स्कूल के मुख्य गेट पर प्रदर्शन कर चुके हैं। अब तक स्कूल प्रबंधन की ओर से फीस कम करने का आश्वासन दिया जा रहा था लेकिन सोमवार को प्रबंधन ने फीस कम करने से इनकार कर दिया। धरना प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों का गुस्सा देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने एनआईटी पांच थाने को सूचना दी। इसके बाद थाना प्रभारी फूल सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और अभिभावकों से बात की। इस दौरान स्कूल की ओर से कोई भी पदाधिकारी मौजूद नहीं था। थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूल प्रबंधन करीब 75 छात्रों को टीसी दे सकता है। उनके अभिभावकों को पहले फीस जमा कराने का मौका दिया जाएगा। अगर वह स्कूल फीस जमा नहीं करा पाते है, तो बच्चों की स्कूल फीस माफ कर टीसी दे दी जाएगी। इस संबंध में स्कूल के डायरेक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। उधर अभिभावक वरुण कुमार का कहना है कि स्कूल प्रबंधन अपनी मनमानी कर रहा है। उनका कहना है कि अभी मध्य सत्र है, इस दौरान किसी दूसरे स्कूल में दाखिला भी नहीं हो पाएगा। अभिभावक विकास कुमार का कहना है कि मेरा बच्चा 10वीं कक्षा में है। अप्रैल से फीस बढ़ा दी गई है। अभी तक आश्वासन दिया जा रहा था कि फीस कम कर दी जाएगी। अब इंकार कर रहे हैं।