डबुआ कॉलोनी में दो दिन बाद आया था पानी का टैंकर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। 27 फुट रोड डबुआ काॅलोनी में दो दिन बाद आए टैंकर से पानी भरने के लिए मची भगदड़ में बाल्टी लेकर दौड़ी मां के पीछे आ रही मासूम सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
प्रचंड गर्मी के चलते पिछले कुछ वर्षों से शहर की कई काॅलोनियों में पेयजल का संकट बेहद गंभीर हो गया है। आलम यह है कि प्रत्येक काॅलोनी में नलों के बजाए पानी के टैंकरों के सहारे लोग हैं। पानी के लिए हाहाकार होने पर कई स्थानों पर लगातार पानी और बिजली के लिए प्रदर्शन भी हो रहे हैं। डबुआ कॉलोनी में भी पेयजल संकट गहराया हुआ है। लोगों ने बताया कि पेयजल समस्या के चलते दो दिनों से क्षेत्र में पानी का टैंकर भी नहीं आया था। बुधवार की शाम नगर निगम का पानी का टैंकर डबुआ काॅलोनी पहुंचा। पहले पानी भरने के प्रयास में लोग बाल्टियां लेकर टैंकर की तरफ दौड़ पड़े। इस दौरान महिला आरती पानी लेने के लिए घर से बाल्टी लेकर भागी। मां को पानी लेने के लिए जाते देख बच्ची परी (ढाई वर्ष) भी मां के पीछे भागी। बच्ची सीढ़ियों से फिसलकर गिर गई। सीढ़ियों से गिरने पर बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार अभी 10 दिन पहले ही इटावा से फरीदाबाद आया था।
टैंकर से पानी लेने के लिए मचती है भगदड़
डबुआ काॅलोनी निवासी सुदेश कुमारी ने बताया कि पेयजल के लिए नगर निगम के टैंकर पानी लेकर आते हैं। टैंकर आते ही पानी लेने के लिए लोगों में भगदड़ मच जाती है। पानी की समस्या को लेकर कई बार नगर निगम कार्यालय पर धरना दे चुके हैं। लोग इस मामले में विधायक नीरज शर्मा से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं होती है।