परिजनों के हंगामे के बाद पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना इलाके के भतौला गांव में जेप्टो कंपनी के स्टोर के बाहर कुर्सी से गिरने पर कर्मचारी विकल सिंह (30) की मौत हो गई। परिवार में अकेले कमाने वाले विकल की मौत के बाद परिवार वालों ने बुधवार को स्टोर पहुंचकर हंगामा किया। कंपनी की ओर से पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा के बाद मामला शांत हुआ।
भतौला गांव के जेप्टो स्टोर पर ये मामला मंगलवार को सामने आया। गांव सदपुरा का रहने वाला विकल सिंह स्टोर के बाहर कुर्सी पर बैठा एक व्यक्ति से बात कर रहा था। यहां लगे सीसीटीवी से पता चला कि दूसरा व्यक्ति उठकर जाने लगा तो विकल सिंह अचानक कुर्सी से नीचे गिर गया। उस व्यक्ति ने पीछे मुड़कर संभाला और अन्य लोगों की मदद से विकल को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने संभावना जताई कि विकल सिंह की मौत का कारण हार्ट अटैक हो सकता है। विकल सिंह अपने परिवार में कमाने वाला इकलौता था। परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटियां (एक 8 साल, दूसरी 5 साल) हैं। विकल की मौत के बाद परिजनों ने कंपनी के स्टोर के बाहर हंगामा किया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों में समझौता हुआ और कंपनी ने पांच लाख रुपये सहायता राशि देने का भरोसा दिया। इसके अलावा मृतक के अंतिम संस्कार के लिए कंपनी ने परिजनों को 30 हजार रुपये भी दिए।
खेड़ी पुल थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिवार और कंपनी के बीच पांच लाख रुपये देने पर सहमति बनी है। जब तक कंपनी की ओर से इंश्योरेंस के पैसे नहीं दिए जाएंगे, तब तक कंपनी मृतक की पत्नी को 10 हजार रुपये महीना गुजारा भत्ता देगी।