नगर निगम ने गलियों को चिह्नित कर टाइल्स बिछाने का कार्य शुरू करने के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी की
पहली बार में करीब सवा करोड़ की लागत से होगा टाइल्स बिछाने का काम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम ने एनआईटी में अधूरी और जर्जर गलियों व सड़कों के पुनर्निर्माण को लेकर बड़ा कदम उठाया है। झाड़सेतली, कृष्णा कॉलोनी और राजीव कॉलोनी की कई गलियों और मार्गों पर 80 मिमी मोटी एम-40 ग्रेड की इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का प्रस्तावित कार्य शुरू करने के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली है। करीब सवा करोड़ की लागत से यह काम किया जाएगा। इससे लोगों को जलभराव व गड्ढों से काफी हद तक राहत मिलेगी।
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार एनआईटी की झाड़सेतली डॉ. धर्म सिंह वाली गली, सूरज- गुरुचरण, लाला राम डागर वाली गली, राजपाल डागर और धर्म डागर की गली से गौंछी गांव तक का मार्ग, राजीव कॉलोनी में कंचन स्कूल वाली गली, राजेश डागर की गली, गौरव अस्पताल वाली गली, कृष्णा कॉलोनी में सेक्टर-25 से सेक्टर-56 तक का मार्ग की कायापलट होगी। इन स्थानों पर लंबे समय से बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है। इसके साथ ही लंबे समय से मार्ग न बनने के कारण इन मार्गों की हालत भी जर्जर हो चुकी थी। स्थानीय लोग लंबे समय से इनकी मरम्मत की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग व जरूरत तो देखते हुए नगर निगम ने इसके लिए प्राथमिक प्रक्रिया पूरी कर ली है। जल्द ही जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
6 माह की रहेगी समय सीमा
इस कार्य को 6 महीने की तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा। निगम के अनुसार एजेंसी का चयन होने के बाद जमीनी स्तर पर काम शुरू हो जाएगा। एजेंसी को चयन के 6 माह के भीतर काम पूरा करना होगा। निगम के अधिकारी इस काम को लेकर पूरी तरह गंभीर दिख रहे हैं। काम की देखरेख के लिए अलग से टीम बनाने की बात भी सुनने में आ रही है।
लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है। फरीदाबाद के लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी जल्द ही जमीनी स्तर पर काम पूरा कर लिया जाएगा। - नितिन कादियान, कार्यकारी अभियंता नगर निगम