फरीदाबाद। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और अमृता अस्पताल के पदाधिकारियों द्वारा शनिवार को गांव मुजेड़ी में चल रहे स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निरीक्षण किया गया। इसमें अमृता अस्पताल ने महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव विजेंद्र सौरोत ने बताया कि सोसाइटी द्वारा जिले में पांच सेंटर चलाए जा रहे हैं। इन सेंटरों में 100 से अधिक महिलाओं को सिलाई व इंडस्ट्रियल मशीन को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण तीन से लेकर छह माह तक के कोर्स के तौर पर दिया जाता है। मुजेड़ी गांव में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा चलाए जा रहे स्किल डेवलपमेंट सेंटर का दौरा किया गया। सेंटर में करीब 15 महिलाएं प्रशिक्षण ले रही हैं।
अमृता अस्पताल के पदाधिकारी रवि कालांतरे ने कहा कि जो महिलाएं सिलाई व इंडस्ट्रियल मशीनों की ट्रेनिंग ले रही हैं, उन्हें अमृता अस्पताल द्वारा भी रोजगार को लेकर अवसर दिए जाएंगे जिससे महिलाएं सशक्त हो सकें। इस मौके पर सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन सुषमा गुप्ता ने कहा कि अस्पताल द्वारा एक सार्थक पहल की गई है। इस मौके पर विनोद कुमार, पुरुषोत्तम सैनी, मधु भाटिया, दयावती, मुनेश देवी, कविता, पूजा शर्मा एवं रवि कालांतरे मुख्य रूप से मौजूद रहे।