पुलिस हिरासत में मौत का मामला, पंचायत कर लिया फैसला, हत्या का केस दर्ज करने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पुलिस हिरासत में युवक की मौत के मामले में आक्रोशित परिजन ने दूसरे दिन भी उसका शव नहीं लिया। परिजन का आरोप है कि उनके बेटे अमित की हत्या की गई है। संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जब तक कार्रवाई नहीं होगी वह शव नहीं ले जाएंगे। मंगलवार को मामले में सांसद चंद्रशेखर आजाद के आने की सूचना थी, लेकिन देर शाम तक वह नहीं पहुंचे। इस मामले में पुलिस भी सतर्कता बरत रही है।
शुक्रवार रात चाकूबाजी के मामले में गाजीपुर निवासी गिरफ्तार आरोपी अमित (27) की रविवार को संदिग्ध परिस्थिति में क्राइम ब्रांच के लाॅकअप में मौत हो गई थी। सोमवार को पुलिस ने शव का बीके अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया, लेकिन परिजन ने पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई तक शव लेने से इन्कार कर दिया था। मामले में मंगलवार को सांसद व भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद के फरीदाबाद पहुंचने की संभावना थी, लेकिन बारिश के कारण वह भी नहीं पहुंचे।
-
जब तक हत्या का मामला दर्ज नहीं किया जाता
, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा
अमित को इंसाफ दिलाने के लिए गांव जाजरू में उसके मामा के घर पर पंचायत भी बुलाई गई। पंचायत में पुलिस आयुक्त कार्यालय के घेराव का फैसला लिया गया है। गांव की पंचायत का कहना है कि जबतक संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज नहीं किया जाता। तबतक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ ही बुधवार यानि आज सुबह सेक्टर-21सी स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय का ग्रामीण घेराव करेंगे। विरोध प्रदर्शन में भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवम प्रदेश प्रभारी हरियाणा धर्मबीर परवाल और आजाद समाज पार्टी कांशीराम हरियाणा के प्रभारी हिमांशु वाल्मीकि भी पहुंचेंगे।
-
पुलिस के खिलाफ दर्ज कराए बयान
पुलिस हिरासत में युवक की मौत के मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप यादव स्वयं जांच कर रहे हैं। अमित के भाई सुमित और पिता ग्यासीलाल ने इस मामले में अपने बयान दर्ज कराए। उन्होंने पुलिस पर अमित को जबरन अस्पताल से घायल अवस्था में उठाकर ले जाने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है कि क्राइम ब्रांच ने उसे चोट पर इतना मारा कि प्रताड़ना से उसकी मौत हो गई।
-
जिले में पुलिस हिरासत में युवक की मौत होना बेहद चिंता की बात है। इसकी जांच होनी चाहिए और पीड़ितों को इंसाफ मिलना चाहिए। -नीरज शर्मा, विधायक एनआईटी क्षेत्र
-
यह है मामला
पांच जुलाई की शाम में एनआईटी-2 स्थित द मॉल ऑफ फरीदाबाद में अमित की गाजीपुर निवासी हरीश नामक युवक से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि अमित ने हरीश को चाकू मार दिया। मॉल में हुई उस घटना में दोनों को चोटें आईं। दोनों में करीब डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। अमित को जहां बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल हरीश को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसकी हरीश के परिजनों की शिकायत पर अमित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मृतक के पिता ग्यासीलाल और भाई सुमित ने बताया कि पुलिस की टीम पांच जुलाई को भी रात में अमित को घायलावस्था में ही जबरन बीके अस्पताल से पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। उस समय वह गंभीर रूप से घायल था। आरोप है कि पुलिस की टीम अमित को गाड़ी से ही पीटते हुए अपने साथ ले गई थी। पूछताछ के दौरान रविवार देर रात उसकी हिरासत में मौत हो गई थी।