Loksabha Chunav 2024: अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' आज हरियाणा के फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में है। अमर उजाला ने यहां सुबह लोगों के साथ चाय पर चर्चा के बाद दोपहर में युवाओं से चुनावी मुद्दे जाने। युवाओं ने पेपर लीक का मुद्दा उठाया, तो वहीं कुछ युवा बेरोजगारी पर बोलते नजर आए।
अमर उजाला का चुनावी रथ ‘सत्ता का संग्राम’ हरियाणा में है। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को हमारी टीम फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में पहुंची। यहां अमर उजाला ने लोकसभा चुनाव से संबंधित मुद्दों को लेकर युवाओं से संवाद किया और उनके मुद्दे जाने।
विज्ञापन
हरियाणा राज्य का फरीदाबाद जिला मुख्यालय और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का भाग है। 2019 में यहां से भारतीय जनता पार्टी के कृष्णपाल गुर्जर ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी पार्टी ने उन पर फिर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में महेंद्र प्रताप मैदान में हैं। जननायक जनता पार्टी ने नलिन हुड्डा और इंडियन नेशनल लोकदल ने सुनील तेवतिया को अपना उम्मीदवार बनाया है।
एक छात्र ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी की सबसे बड़ी समस्या है। कोई इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। पेपर लीक हो जा रहे हैं। फरीदाबाद के युवा बेरोजगार है। जिनके नेताओं से लिंक होते हैं उन्हें नौकरी दे दी जाती है।
विज्ञापन
एक छात्रा ने कहा कि जिस बच्चे में काबिलियत है उसे मौका मिलना चाहिए। मैं गांव में रहती हूं, पलवल से यहां पढ़ने के लिए आती हूं। बस से आने में काफी समस्या होती है। सड़कों की हालत काफी खराब है। लड़कियां सुरक्षित महसूस करती हैं।
एक अन्य छात्रा ने कहा कि मेरे लिए सबसे पहले महत्वपूर्ण है रोजगार। हमें किसी दूसरे पर निर्भर न होना पड़े। जो लड़कियां गांव से आती हैं उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है। एक अन्य छात्रा ने कहा कि आरक्षण खत्म होना चाहिए। छात्रों को आरक्षण की वजह से अपनी काबिलयत दिखाने का मौका नहीं मिलता।