फरीदाबाद। अक्षय तृतीया को लेकर बाजारों में रौनक है। कपड़ा से लेकर सर्राफ के व्यापारी खुश नजर आए। दुकानदारों ने बताया कि कोरोना काल में दो साल बाद अच्छे कारोबार की उम्मीद है। वहीं, अक्षय तृतीया पर करीब 1500 शादी समारोह होंगे।
सर्राफ कारोबारियों के अनुसार इस बार आभूषणों की बिक्री अच्छी हुई है। कैलाश ज्वैलर्स के संचालक कैलाश नरुला ने बताया कि इस बार लोगों ने ज्यादातर सोने के सिक्के खरीदे हैं। कोरोना के कारण पहले बिक्री न के बराबर हुई थी लेकिन इस बार लोगों ने अक्षय तृतीया को लेकर लगभग 1 सप्ताह पहले से ही बुकिंग शुरू करना कर दिया था। वहीं, आशीर्वाद होटल एंड बैंक्वेट के चेयरमैन एसपी जैन ने बताया कि अक्षय तृतीया पर शादी विवाह के लिए लोगों ने लगभग एक साल पहले से ही बुकिंग शुरू कर दी थी। पिछली बार कोरोना के कारण शादी विवाह में सीमित लोगों के आने की अनुमति थी। इस बार ऐसी कोई गाइडलाइन नहीं है। बुकिंग पिछले वर्ष के मुकाबले अच्छी हुई है। पंडित सुंदर शर्मा बबली ने बताया कि अक्षय तृतीया पर शादी विवाह जैसे मांगलिक कार्य किए जाते हैं। इस दिन से नए काम की भी शुरुआत की जाती है। भगवान परशुराम का जन्म इसी दिन हुआ था। इसलिए अक्षय तृतीया को परशुराम जयंती के रूप में मनाया जाता है। पंडित रमेश शात्री ने बताया कि इस दिन करीब 1500 शादियां होगी।
घर पर पूजा की तैयारियों में जुटी महिलाएं
सेक्टर-56 निवासी गुंजा ने बताया कि उनके घर अक्षय तृतीया के दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा होती है। इस दिन घर खीर तथा विभिन्न प्रकार के पकवान बनते हैं। अक्षय तृतीया पर सोने चांदी के आभूषण खरीदना शुभ माना जाता है।
बाल विवाह रोकने के लिए लगभग दस दिनों से अलग-अलग क्षेत्रों में जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। सभी आशा, सुपरवाइजरों और सीडीपीओ को फील्ड में जाने के लिए कहा गया है, जिससे बाल विवाह को रोका जा सके।
-मीनाक्षी चौधरी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, एनआईटी-2