अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में चल रही अवैध खनन गतिविधियों की समीक्षा और नियंत्रण के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना था।
बैठक में एडीसी ने कहा कि अवैध खनन न केवल पर्यावरण को अपूरणीय क्षति पहुंचाता है, बल्कि इससे सरकार को राजस्व की भी भारी हानि होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमित और औचक निरीक्षण विशेष अभियान को निरंतर जारी रखें। साथ ही, दोषी पाए जाने वालों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जुर्माना और कानूनी प्रक्रिया हर स्थिति में जारी रखी जाए।
जिला खनन अधिकारी कमलेश बिधलान ने जानकारी दी कि हाल ही में विभागीय जांच के दौरान पाली नाका पर एक ट्रक को बिना ई-रवाना बिल के पकड़ा गया था। जब टीम ने वाहन को रोका और दस्तावेजों की जांच की तो चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाहन को नियमानुसार संबंधित पुलिस थाने में जब्त कर लिया गया है। बैठक में खनन विभाग, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।