सड़क किनारे झाड़ियां काटने और गड्ढों की मरम्मत को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित सभागार कक्ष में बुधवार को रोड सेफ्टी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने की। बैठक में नेशनल हाईवे, स्टेट हाइवे, लोक निर्माण विभाग, मार्केटिंग बोर्ड, पंचायती राज आदि सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने संबंधित सड़क मार्गों पर बने गड्ढा को शीघ्र दुरूस्त करवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ-साथ सड़कों के किनारे खड़ी झांडियों को भी काटा जाए। किसी भी व्यक्ति की सड़क हादसे में असमय मौत न हो। इसके अलावा जिला में ब्लैक स्पोट क्षेत्र में यातायात नियमों की उल्लंघन करने वालों के अधिक से अधिक चालान किए जाएं।
एडीसी सतबीर मान ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के मौसम के दौरान किए गए पेचवर्क कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाए और पेचवर्क कार्य मजबूती के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अस्थायी मरम्मत की गई है, उन सभी को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर स्थायी मरम्मत सुनिश्चित की जाए ताकि सड़क यातायात सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से सीधे तौर पर आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा जुड़ी हुई है, इसलिए बरसात के बाद सड़क की स्थिति का समयबद्ध आकलन करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी मार्गों की सूची तैयार की जाए और कार्ययोजना बनाकर सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थान पर दोबारा गड्ढे या क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या उत्पन्न न हो।बैठक में सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण सहित रोड़ सेफ्टी से जुड़ें अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।